Jalandhar, March 04, 2023
होशियारपुर के टांडा में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है।जिसमे लुटेरों के चंगुल में दो मासूम बच्चों को अपनी जान गंवानी पड़ी। टांडा के मिआनी पुल पर महिला प्रभजीत कौर अपने बच्चों के साथ स्कूटर पर जा रही थी तभी मोटरसाइकिल सवार लुटेरों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। लुटेरों ने जैसे ही महिला के गले से पर्स छीना, उसकी स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया।
इसके बाद स्कूटी आगे चल रही ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई। तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली से टकराकर स्कूटी सवार बच्चे सड़क पर गिर गए। गंभीर हालत में बच्चों को अस्पताल ले जाया गया जहां दोनों की मौत हो गई। महिला घायल है। महिला ने बताया कि स्कूटी पर उसका 6 साल का बेटा गुरभज और 21 साल की भतीजी गगनदीप कौर सवार थे।
डॉ.लवप्रीत सिंह ने कहा कि बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। जब बच्चों को अस्पताल लाया गया तो उनकी नब्ज नहीं चल रही थी और उनकी सांस भी नहीं चल रही थी।अस्पताल पहुंचने पर जांच के बाद दोनों बच्चों गुरभज और गगनदीप को मृत घोषित कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। डीएसपी टांडा कुलवंत सिंह व एसएचओ टांडा मलकीत सिंह ने बताया कि घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों को जब्त कर लिया गया है। लुटेरों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
मिली जानकारी के मुताबिक गुरभज अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और शादी के करीब 20 साल बाद उसका जन्म हुआ था। गुरभज के पिता दुबई में रहते हैं और दूसरी तरफ गगनदीप कौर उत्तर प्रदेश की रहने वाली थीं और वह यहां अपनी मौसी के यहां रहने आई थीं।
2025. All Rights Reserved