jalandhar, January 18, 2021 4:24 am
पंजाब के सीमांत जिले तरनतारन में सोमवार सुबह-सुबह बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। करीब 2 घंटे की फायरिंग के बाद 4 को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक उसकी मौत किसी नशे की ओवरडोज वगैरह की वजह से हुई है। हालांकि मेडिकल रिपोर्ट के बाद स्थिति साफ हो जाएगी। बताया जाता है कि पिछले 24 घंटे में लूट की 7 वारदातों को अंजाम देने के बाद भागने की फिराक में यह मुठभेड़ हुई। इस घटना में दो पुलिस वाले भी घायल हुए हैं। इनके खिलाफ सरहदी जिलों अमृतसर और तरनतारन में 50 के करीब आपराधिक केस दर्ज हैं, वहीं आगे की जांच अभी जारी है। दूसरी ओर विश्वसनीय सूत्रों की मानें तो बदमाशों आतंकी घटना में शामिल होने की बात से इन्कार नहीं किया जा सकता।
SSP ध्रूमन H निंबले ने बताया कि बीते दो दिन में तरनतारन और भिखीविंड के इलाके में कई पेट्रोल पंपों पर लूट की वारदात सामने आई थी। सोमवार सुबह सरहाली और चोहला साहिब में भी दो कारों के लूटे जाने की सूचना मिली। पुलिस को जानकारी मिली थी कि वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश पट्टी-तरनतारन रोड से गुजर रहे हैं। इस सूचना के बाद पुलिस ने नाकाबंदी की। इसमें पट्टी के थाना प्रभारी लखबीर सिंह और उनकी टीम को देखकर सामने से बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान थाना प्रभारी के ड्राइवर सरबजीत सिंह को पसलियों में गोली लग गई, वहीं विक्रम नामक एक और पुलिस कर्मचारी की जांघ में गोली लगी है।
2026. All Rights Reserved