Jalandhar, April 03, 2023
पंजाब के पठानकोट के त्रेहटी गांव की 19 साल की खुशी पठानिया ने पूरे पंजाब का नाम रोशन किया है। खुशी पठानिया को पहली पासिंग आउट परेड के दौरान सर्वश्रेष्ठ महिला अग्निवीर घोषित किए जाने पर जनरल बिपिन रावत ट्रॉफी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। खुशी पठानिया को करीब 4 महीने पहले इंडियन नेवी में एसएसआर के तौर पर चुना गया था।
पिता संतोख सिंह ने बताया है कि खुशी ने वैष्णवी स्कूल घो से पांचवी और ऑकलैंड पब्लिक स्कूल शाहपुरकंडी से बारहवीं तक की पढ़ाई की है।उसके बाद वह बीएससी नॉन मेडिकल द्वितीय वर्ष में पढ़ रही थी। इसी बीच उनका चयन भारतीय नौसेना में हो गया। साधारण परिवार में जन्मी खुशी पठानिया बचपन से ही मेधावी छात्रा रही हैं।
खुशी के दादा सुभाष पठानिया ने इसका पूरा श्रेय पिता संतोख सिंह पठानिया और मां शारदा देवी को दिया है। उनका कहना है कि खुशी पठानिया ने अपने परिवार के साथ मिलकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। खुशी पठानिया के नेवी में चयनित होने के बाद परिवार में जश्न का माहौल है। खुशी के परिवार वालों को बधाई देने दूर-दूर से लोग पहुंच रहे हैं।
इसके साथ ही पंजाब विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर ठाकुर दिनेश सिंह बब्बू आज परिवार को बधाई देने पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने कहा है कि यह पूरे पंजाब के लिए गर्व की बात है। हमारे छोटे से गांव त्रेहटी के एक किसान परिवार की बेटी का नेवी में चयन हुआ है, इतना ही नहीं यह बेटी 3000 से ज्यादा अभ्यर्थियों को पीछे छोड़कर प्रथम आई है। उन्हें जनरल बिपिन रावत ट्रॉफी से सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा कि हमारी शुभकामनाएं खुशी और उनके परिवार के साथ हैं।
2025. All Rights Reserved