Jalandhar, March 10, 2023
केंद्रीय ऊर्जा मंत्री श्री आर.के. सिंह ने बिजली क्षेत्र की कंपनियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि लोड शेडिंग न हो। बैठक में रेलवे, कोयला और बिजली मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। बैठक में आने वाले महीनों, विशेष रूप से अप्रैल 2023 और मई 2023 के दौरान बिजली की बढ़ती मांग को पूरा करने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
इस बैठक में केंद्रीय मंत्री ने सभी संस्थानों को निर्देश दिया कि कोयला आधारित बिजली संयंत्रों के रखरखाव का काम पहले से किया जाए ताकि बिजली की कमी के दौरान रखरखाव की आवश्यकता न पड़े। सभी आयातित कोयला आधारित संयंत्रों को धारा-11 के तहत 16 मार्च, 2023 से पूरी क्षमता से परिचालन शुरू करने का निर्देश दिया गया है। कोयला आधारित संयंत्रों में कोयले का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध कराया जाएगा।
इस बैठक में यह निर्णय लिया गया कि बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए गैस आधारित बिजली संयंत्रों का उपयोग किया जाएगा। मंत्रालय ने एनटीपीसी को 5,000 मेगावॉट के गैस आधारित बिजली संयंत्रों को अप्रैल-मई के लीन सीजन में चालू करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा, अन्य प्रतिष्ठान भी गर्मी के मौसम में उपलब्धता बनाए रखने के लिए 4,000 मेगावाट की अतिरिक्त गैस आधारित बिजली का उपयोग करेंगे।
बैठक के दौरान, केंद्रीय ऊर्जा मंत्री ने बिजली कंपनियों से यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि गर्मी के महीनों में लोड शेडिंग न हो। सिंह ने सभी हितधारकों से स्थिति की निगरानी करने और आने वाले महीनों में बिजली की मांग को पूरा करने के लिए सक्रिय कदम उठाने को कहा।
2026. All Rights Reserved