jalandhar, January 03, 2022 3:59 pm
PM Modi Punjab Visit: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पांच जनवरी को फिरोजपुर में प्रस्तावित रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए भाजपा ने एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री और पंजाब भाजपा के चुनाव प्रभारी गजेंद्र शेखावत आज फिरोजपुर में बैठक कर रहे हैं। शेखावत ने आज जहां भाजपा में दूसरे दलों को छोड़कर आने वाले वर्करों को सम्मानित किया, वहीं किसान आंदोलन के दौरान भाजपा छोड़ने वाले नेताओं के घर वापसी की संभावना को बरकरार बताया।
सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए शेखावत ने कहा पंजाब में कांग्रेस सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है और अब उनके लिए अग्निपरीक्षा का दौर है। नौकरियों के लिए सड़कों पर धरना दे रहे उम्मीदवारों को लेकर कांग्रेस सरकार गुमराह कर रही है। पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू हो या परगट सिंह के घरों के बाहर चल रहे धरना प्रदर्शन से पता चलता है कि लोग कितने त्रस्त हैं। शेखावत ने दावा किया कि चुनाव आचार संहिता लगते ही पंजाब में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
इससे पूर्व, गत दिवस शेखावत ने मुक्तसर, फाजिल्का और मोगा में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और रैली को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की। मुक्तसर में उन्होंने कि प्रधानमंत्री फिरोजपुर में चुनावी बिगुल फूंकेंगे। पंजाब में पहली बार ऐसी ऐतिहासिक रैली होगी। रैली के लिए साढ़े तीन हजार बसों का इंतजाम किया गया है। रैली के बाद पंजाब में भाजपा विरोधी पार्टियों के नेताओं को दो-तीन दिन तक नींद की गोली खाकर सोना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की ओर से पंजाब के 36 हजार कर्मचारियों को पक्का करने की फाइल पर हस्ताक्षर न किए जाने को लेकर राज्यपाल के खिलाफ धरना देने की चेतावनी को उन्होंने राजनीतिक प्रपंच बताया।
शिअद अध्यक्ष सुखबीर ङ्क्षसह बादल की एक टिप्पणी पर शेखावत ने कहा कि राज्य के 42 फीसद अन्य समुदाय के लोगों को शिअद अध्यक्ष की मानसिकता को समझना चाहिए। सुखबीर ने कहा था कि भाजपा में जाने वाले लोग सिख पंथ पर दाग लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में डबल इंजन की सरकार बनाई जाएगी। इससे राज्य के लोगों को नशा, रेत, भूमि, केबल, ट्रांसपोर्ट आदि सभी माफिया से मुक्ति मिलेगी।
दिल्ली के लोगों का पैसा पंजाब के चुनाव पर खर्च कर रहे केजरीवाल
फाजिल्का में शेखावत ने कहा कि केजरीवाल पंजाब चुनाव में जो पैसा खर्च कर रहे हैं, वह दिल्ली के लोगों के टैक्स का पैसा है। पंजाब के लोग दिल्ली में उनकी सरकार देख चुके हैं। वे उनके झांसे में नहीं आएंगे।
मजबूर पंजाब को मजबूत बनांगे
मोगा में शेखावत ने कहा कि अब तक की सरकारों ने पंजाब को मजबूर पंजाब बनाया है। भाजपा इसे मजबूत बनाएगी। भय मुक्त समाज देकर राष्ट्रवाद की दिशा में आगे बढ़ेगी। सरहदी प्रदेश होने के कारण यहां ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है।
सीट बंटवारे पर भाजपा और सहयोगी पार्टियों ने किया मंथन
भारतीय जनता पार्टी, पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी और शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) ने विधानसभा चुनाव को लेकर सीटों को बंटवारे पर मंथन शुरू कर दिया है। तीनों पार्टियों केे नेताओं में रविवार को यूटी गेस्ट हाउस में करीब पांच घंटे तक चर्चा की। हालांकि इस दौरान सीट बांटने से पहले पार्टियों का पूरा फोकस विधानसभा सीटों को लेकर एक दूसरे की राय को जानने पर ज्यादा रहा। बैठक में कोई नतीजा नहीं निकला। अब यह बैठक छह जनवरी को दोबारा होगी।
सूत्रों के अनुसार बैठक के दौरान पार्टी नेताओं ने अन्य पार्टियों के रुख व राज्य के ताजा राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर खुल कर चर्चा की। जिसके बाद पार्टी नेताओं ने सीट बांटने से पहले विधानसभा सीटों की स्थिति और वहां के हालातों पर चर्चा की, ताकि सीट बंटवारे के समय यह स्पष्ट रहे कि किस पार्टी का उम्मीदवार उस सीट पर मजबूत साबित हो सकता है। करीब पांच घंटे तक चली बैठक में करीब 40 सीटों पर ही चर्चा हो सकी। भाजपा की तरफ से बैठक में प्रदेश महासचिव डा. सुभाष शर्मा व दयाल सिंह ने मौजूद रहे तो पंजाब लोक कांग्रेस से रणइंदर सिंह, टीएस शेरगिल व कमल सैनी और शिअद संयुक्त की तरफ से विधायक परमिंदर ढींडसा और पूर्व जस्टिस निर्मल सिंह मौजूद थे।
2025. All Rights Reserved