Jalandhar, April 04, 2023
नेशनल काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (NCERT) ने 12वीं क्लास की किताबों से कई चैप्टर हटा दिए हैं। इसमें इतिहास, नागरिक शास्त्र और हिंदी के सिलेबस में कुछ बदलाव किए गए हैं। एनसीआरटी के मुताबिक, नागरिक शास्त्र की पाठ्यपुस्तक से 'शीत युद्ध काल' और 'विश्व राजनीति में अमेरिकी आधिपत्य' वाले अध्याय हटा दिए गए हैं। एनसीईआरटी ने बताया है कि अपडेटेड सिलेबस मौजूदा शैक्षणिक सत्र यानी 2023-24 से लागू किया जाएगा।
एनसीईआरटी के अनुसार, हिंदी की किताब आरोह पार्ट-2 से फिराक गोरखपुरी की गजल को हटा दिया गया है। इतिहास की किताब थीम्स ऑफ इंडियन हिस्ट्री-पार्ट-2 से मुगल साम्राज्य 16वीं और 17वीं सदी से जुड़े चैप्टर हटा दिए गए हैं। इसके अलावा हिंदी किताब से कुछ पैराग्राफ और कविताएं हटा दी गई हैं। 'स्वतंत्र भारत में राजनीति' पुस्तक के दो अध्यायों को हटा दिया गया है, जिनके नाम हैं - 'द राइज़ ऑफ़ द पीपल्स मूवमेंट' और 'द एरा ऑफ़ सिंगल पार्टी डोमिनेंस'।
इसके अलावा हिंदी की किताब अंतरा पार्ट-2 से सूर्यकांत त्रिपाठी निराला का चैप्टर 'गीत गांव दो मुझे...' भी हटा दिया गया है। यही नहीं, विष्णु खरे की 'एक काम और सत्य' को भी हिंदी की किताब से हटाने का फैसला किया गया है। जानकारी के अनुसार इन अध्यायों में भारतीय जनसंघ, समाजवादी, कम्युनिस्ट पार्टी, कांग्रेस का प्रभुत्व आदि के बारे में पढ़ाया जाता था।
एनसीआरटी ने मौजूदा सत्र से 11वीं किताब 'थीम्स इन वर्ल्ड हिस्ट्री' के तीन चैप्टर हटा दिए हैं। इनके नाम हैं 'सेंट्रल इस्लामिक लैंड्स', 'क्लैश ऑफ कल्चर्स' और 'द इंडस्ट्रियल रेवोल्यूशन'। इसके साथ ही 10वीं क्लास की किताब 'डेमोक्रेटिक पॉलिटिक्स-2' से भी कई चैप्टर हटा दिए गए हैं, जिनमें लोकतंत्र और विविधता, जनसंघर्ष और आंदोलन, लोकतंत्र की चुनौतियां शामिल हैं।
2025. All Rights Reserved