jalandhar, December 30, 2021 1:42 pm

चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू) की बस हादसे का शिकार हो गई। यह हादसा मोहाली के फेज-6 के पास वेरका प्लांट के पास वीरवार तड़के हुआ है। हादसे के वक्त बस में करीब 10 सवारियों मौजूद थी। गनीमत रही कि बस में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। हादसे के बाद सभी सवारियों को दूसरी बस से बस स्टैंड भेजा गया।
मोहाली के फेज-6 स्थित बाबा बंदा सिंह बहादुर एसी बस टर्मिनल और वेरका प्लांट के बीच चौराहे पर सीटीयू बस रांग साइड आ रहे आटो को बचाने के चक्कर में हादसे का शिकार हो गई। बस की रफ्तार तेज थी जिस वजह से चालक बस से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित बस पहले फुटपाथ किनारे लगे हाइटेंशन बिजली के पोल से टकराई, जिसके बाद वेरका प्लांट की दीवार व साथ में लगी लोहे की जाली को तोड़कर वेरका प्लांट के परिसर में घुस गई। बस की रफ्तार इतनी तेज थी कि सामने पेड़ से टकराने के बाद भी बस नहीं रुकी।
फेज-6 चौकी इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह ने बताया कि हादसा सुबह तड़के 3 बजे हुआ है। यह सीटीयू बस मनाली से चंडीगढ़ होते हुए अंबाला कैंट जा रही थी। सीटीयू बस चालक के अनुसार वेरका प्लांट गेट से एक टैंपो निकला जो रांग साइड आ रहा था। अचानक आटो सड़क के बीचों बीच आ गया। आटो को बचाने के लिए चालक ने गाड़ी को दूसरी तरफ मोड़ा जिसके चलते बस अनयंत्रित हो गई। बस बेकाबू हो गई और खंबा, पेड़ की टहनी और फिर वेरका प्लांट की दीवार व लोहे की जाली तोड़ती हुई अंदर जा घुसी। हाइटेंशन तार को पोल का पोल बस पर गिर गया लेकिन गनीमत रही की कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। बिजली की तार से बस में करंट फैलने के साथ आग भी लग सकती थी। हादसे के वक्त बस में करीब 10 सवारियां बैठी थीं, जोकि बिल्कुल ठीक है। सवारियों को अन्य वाहन के जरिए चंडीगढ़ बस स्टैंड पहुंचाया गया। चौकी इंचार्ज ने बताया कि अभी तक बयान दर्ज नहीं हुए हैं और मामला अंडर इंवेस्टिगेशन है।
2026. All Rights Reserved