Jalandhar, April 24, 2023
वारिस पंजाब दे संगठन के मुखिया अमृतपाल सिंह की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अमृतपाल की गिरफ्तारी के बाद केंद्रीय एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए), रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) समेत अन्य केंद्रीय एजेंसियां अमृतपाल सिंह से पूछताछ की तैयारी कर रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक एजेंसियां अमृतपाल सिंह के पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई, विदेशी फंडिंग और बब्बर खालसा जैसे खालिस्तानी संगठनों से कनेक्शन की जांच में जुटी हैं। पुलिस ने जांच में दावा किया था कि अमृतपाल सिंह को ट्रेनिंग देने की जिम्मेदारी आईएसआई ने दो आतंकी संगठनों को दी थी।
दरअसल, पुलिस ने दावा किया था कि सिख फॉर जस्टिस (SFJ) के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू और बब्बर खालसा इंटरनेशनल के सदस्य अवतार सिंह खांडा ने अमृतपाल सिंह की मदद की थी। सूत्रों के मुताबिक एनआईए और रॉ दोनों एजेंसियां अमृतपाल सिंह से पंजाब में पाकिस्तानी आतंकी संगठनों के स्लीपर सेल और एजेंटों के बारे में जानकारी हासिल करना चाहती हैं।
आपको बता दें कि अमृतपाल को 36 दिनों तक फरार रहने के बाद कल पंजाब पुलिस ने मोगा के रोडे गांव से गिरफ्तार किया। अमृतपाल को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें असम की डिब्रूगढ़ जेल भेज दिया गया।उसके 9 साथी पहले से ही वहां बंद हैं।
2026. All Rights Reserved