Jalandhar, March 23, 2023
दुबई से मुंबई आ रही इंडिगो की फ्लाइट में दो शराबियों ने हंगामा कर दिया। नशे में धुत दोनों ने कथित तौर पर केबिन क्रू के साथ यात्रियों और सह-यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार किया। मामला सामने आने के बाद दोनों यात्रियों को मुंबई में गिरफ्तार कर लिया गया है। यात्रियों की पहचान दत्तात्रेय बापरडेकर और जॉन जॉर्ज डिसूजा के रूप में हुई है। दोनों आरोपी कोल्हापुर और पालघर के नालासोपारा के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार दोनों यात्री एक साल खाड़ी देश में काम करने के बाद लौट रहे थे। अधिकारी ने बताया है कि दोनों आरोपी दुबई से ड्यूटी फ्री शराब लाए थे और देश लौटने की खुशी में फ्लाइट में ही शराब पी रहे थे। नशे में होने के बाद दोनों ने फ्लाइट में हंगामा किया। एक पुलिस अधिकारी ने कहा है कि जब अन्य यात्रियों ने उनके हंगामे पर आपत्ति जताई, तो आरोपियों ने अन्य यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के साथ दुर्व्यवहार किया।
सहार थाने के एक अधिकारी ने बताया है कि इस मामले में एयरलाइन इंडिगो की ओर से शिकायत की गई थी, जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज की गई और दोनों यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने कहा है कि दोनों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 336 और विमानन नियमों की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने बताया है कि इस साल विमान में किसी यात्री के साथ बदसलूकी की यह सातवीं घटना है।
2025. All Rights Reserved