Jalandhar, March 28, 2023
अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में कुख्यात आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ने सोमवार को बड़ा हमला किया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अफगानिस्तान के विदेश मंत्रालय के पास हुए इस हमले में कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य घायल हो गए हैं। अफगानिस्तान के गृह मंत्रालय ने इस घटना की जानकारी दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बताया जा रहा है कि हमलावर की कोशिश मंत्रालय के अंदर पहुंचने की थी। वह उस स्थान पर पहुंचना चाहता था जहां अधिकारी बैठते हैं। हालांकि, जब वह इस कोशिश में नाकाम रहा तो उसने पहले ही खुद को उड़ा लिया। यह जगह मेहमानों के लिए है।
बता दें कि मंत्रालय पर इस साल यह दूसरा हमला है। इस्लामिक स्टेट ने हमले की जिम्मेदारी ली है और अगस्त 2021 में तालिबान के अफगानिस्तान पर नियंत्रण करने के बाद से देश में लगातार हमले कर रहा है।
इस्लामिक स्टेट अफगानिस्तान में गश्ती दल के साथ-साथ तालिबान के अधिकारियों और देश के अल्पसंख्यक शिया समुदाय के लोगों को निशाना बनाता है। काबुल के पुलिस प्रमुख के एक प्रवक्ता खालिद ज़ादरान ने कहा कि तालिबान सुरक्षा बलों ने आत्मघाती हमलावर को अपने मंत्रालय के पास मलिक असगर चौराहे पर पहुंचने से पहले ट्रैक कर लिया। इसके बाद हमलावर ने खुद को उड़ा लिया। आत्मघाती हमले में कम से कम 6 नागरिक मारे गए और तालिबान सुरक्षा बलों के तीन सदस्य घायल हो गए। गैर-सरकारी संगठन 'इमरजेंसी' द्वारा संचालित काबुल अस्पताल ने कहा कि हमले के बाद एक बच्चे समेत 12 घायलों को भर्ती कराया गया है।
2025. All Rights Reserved